टीम अनंत सोच 

धनबाद: आस्था, सेवा और समर्पण की भावना के साथ धनबाद के हीरापुर में छठ महापर्व के अवसर पर वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन किया गया। जेसी मल्लिक रोड पर स्थानीय निवासियों और स्वयंसेवकों की ओर से पिछले 25 वर्षों से छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क चाय वितरण किया जा रहा है।

इसी परंपरा के तहत इस वर्ष भी खोखन तालाब से उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर लौट रहे व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए विशेष चाय सेवा शिविर लगाया गया। सुबह छह बजे से शुरू हुआ यह सेवा अभियान करीब नौ से दस बजे तक चला। इस दौरान लगभग दो से ढाई हजार लोगों को गरमा-गरम चाय पिलाई गई।

भाजपा नेता मुकेश पांडे ने बताया कि 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के समापन के बाद जब माताएं-बहनें और श्रद्धालु अर्घ्य देकर घर लौटते हैं, तो उन्हें सम्मानपूर्वक चाय पिलाकर सेवा की जाती है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जेसी मल्लिक रोड और हीरापुर मोहल्ले के सैकड़ों स्वयंसेवक पिछली रात से ही तैयारियों में जुटे थे। सुबह होते ही स्वयंसेवक चाय की केतलियां लेकर सड़क पर उतर गए और श्रद्धालुओं को आग्रहपूर्वक चाय पिलाई।

मुकेश पांडे ने कहा कि छठ व्रतियों की सेवा करना सौभाग्य और पुण्य का कार्य है। यह आयोजन केवल चाय वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने छठी मैया से प्रार्थना की कि यह सेवा परंपरा आने वाले वर्षों में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ जारी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *