समय पर जांच और HPV वैक्सीनेशन से रोका जा सकता है सर्वाइकल कैंसर : हरेंद्र सिंह

टीम अनंत सोच 

धनबाद: सर्वाइकल कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करने और इसकी रोकथाम का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से असर्फी हॉस्पिटल की ओर से जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन किया गया। वॉकथॉन की शुरुआत रणधीर वर्मा चौक से हुई, जो सिटी सेंटर तक पहुंचकर संपन्न हुआ।

इस जागरूकता अभियान में अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट, कैंसर विशेषज्ञ, नर्सिंग स्टाफ और नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने वॉकथॉन के माध्यम से लोगों को सर्वाइकल कैंसर के प्रति सचेत किया। इस दौरान आम लोगों के बीच जागरूकता संबंधी पर्चे भी वितरित किए गए तथा बचाव के लिए एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगवाने की अपील की गई।

मौके पर असर्फी हॉस्पिटल के सीईओ हरेंद्र सिंह ने कहा कि भारत में सर्वाइकल कैंसर से होने वाली मौतों की संख्या अमेरिका और अन्य विकसित देशों की तुलना में काफी अधिक है। इसका प्रमुख कारण लोगों में जागरूकता की कमी और समय पर जांच नहीं कराना है।

उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि इसके प्रति जागरूक रहना और समय रहते जांच कराना जरूरी है। एचपीवी वैक्सीनेशन के जरिए इस बीमारी से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकता है। यदि शुरुआती चरण में ही बीमारी की पहचान हो जाए, तो उचित उपचार से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है।

उन्होंने वॉकथॉन के माध्यम से लोगों से अपील की कि वे नियमित जांच कराएं, एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक बनें और इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *