कहा– अलग राज्य की लड़ाई सम्मान के लिए नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन और स्थानीय लोगों के अधिकारों के लिए लड़ी थी

टीम अनंत सोच 

धनबाद: झारखंड अलग राज्य के गठन के 26 साल बाद भी आंदोलनकारियों के संघर्ष और उनके सपनों की चर्चा आज प्रासंगिक बनी हुई है। इसी कड़ी में झारखंड आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय गणेश चन्द्र दुबे के पौत्र एवं आंदोलनकारी सह समाजसेवी प्रमोद कुमार दुबे को लंबे इंतजार के बाद प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। हालांकि, इस सम्मान को प्राप्त करने के बाद उनके चेहरे पर खुशी के साथ-साथ आंदोलन के दिनों की यादें और झारखंड के अधूरे विकास का दर्द भी साफ नजर आया।

प्रमोद कुमार दुबे ने भावुक होते हुए कहा कि झारखंड आंदोलन में उनकी भागीदारी किसी प्रशस्ति पत्र, पद या व्यक्तिगत प्रतिष्ठा के लिए नहीं थी। उन्होंने अलग राज्य की लड़ाई इसलिए लड़ी थी, ताकि यहां के मूल निवासियों को उनका अधिकार मिले, युवाओं को रोजगार मिले और जल, जंगल एवं जमीन की रक्षा हो सके। लेकिन अलग राज्य बनने के वर्षों बाद भी आंदोलन के मूल उद्देश्य पूरी तरह साकार नहीं हो पाए हैं।

उन्होंने कहा कि आज भी झारखंड के हजारों परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण युवाओं और मजदूरों को रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करना पड़ रहा है। दूसरी ओर, राज्य की प्राकृतिक संपदा और खनिज संसाधनों के समुचित उपयोग एवं संरक्षण को लेकर भी कई सवाल खड़े हैं।

दुबे ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों ने अपना जीवन किसी निजी स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए समर्पित किया था। उनका सपना ऐसा झारखंड बनाने का था, जहां हर व्यक्ति को शिक्षा, रोजगार और सम्मानजनक जीवन मिले तथा राज्य के संसाधनों पर यहां के लोगों का अधिकार सुनिश्चित हो।

उन्होंने कहा कि 26 वर्षों बाद मिला प्रशस्ति पत्र उनके संघर्ष की एक औपचारिक पहचान जरूर है, लेकिन आंदोलनकारियों को सच्चा सम्मान तब मिलेगा, जब झारखंड वास्तव में खुशहाल और समृद्ध बनेगा। राज्य के युवाओं को रोजगार के लिए अपना घर-परिवार छोड़कर दूसरे प्रदेशों में जाने की मजबूरी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *