सभी सीएचसी में शिविर के दौरान एक-एक वरिष्ठ अधिकारी भी करेंगे रक्तदान। टीबी मरीजों के बीच पोषण पोटली का वितरण।

टीम अनंत सोच
धनबाद: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत धनबाद में स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक जागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सदर अस्पताल, एसएनएमएमसीएच समेत जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सदर अस्पताल में आयोजित शिविर में उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को इस नेक कार्य के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सभी सीएचसी में आयोजित रक्तदान शिविरों में एक-एक वरिष्ठ अधिकारी भी रक्तदान करेंगे, ताकि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़े और ब्लड बैंक में पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध हो सके।
वहीं, सदर अस्पताल में टीबी उन्मूलन अभियान के तहत टीबी मरीजों के बीच पोषण पोटली का वितरण किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन और उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने मरीजों को पोषण पोटली प्रदान की। इसमें मूंग दाल, तूर दाल, मसूर दाल, चना, गुड़, मूंगफली, सोयाबीन बड़ी, सरसों तेल सहित अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल है। इस पहल का उद्देश्य टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराना और उनके उपचार के दौरान स्वास्थ्य में सुधार लाना है।

