इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड किए जाने पर यूथ कांग्रेस ने मेटा पर लगाया राजनीतिक भेदभाव का आरोप, आरएसएस की ड्रेस में दिखाए गए मार्क जुकरबर्ग

टीम अनंत सोच
धनबाद: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा के खिलाफ अब कांग्रेस का विरोध सड़क पर उतर आया है। धनबाद के रणधीर वर्मा चौक के समीप झारखंड प्रदेश यूथ कांग्रेस ने मेटा के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग के खिलाफ पोस्टर लगाकर विरोध जताया है। पोस्टर में मार्क जुकरबर्ग को आरएसएस की ड्रेस में दिखाते हुए ‘मार्क बीजेपी बर्ग’ और ‘मेटा बीजेपी का बेटा’ जैसे नारे लिखे गए हैं। यूथ कांग्रेस का आरोप है कि मेटा राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब का इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड किए जाने के बाद संगठन ने यह विरोध प्रदर्शन किया है। इस मामले को लेकर झारखंड प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव ने वीडियो जारी कर मेटा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर लगाए गए पोस्टर ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। झारखंड प्रदेश यूथ कांग्रेस की ओर से लगाए गए इस पोस्टर में मेटा और उसके संस्थापक मार्क जुकरबर्ग को निशाने पर लिया गया है। पोस्टर में मार्क जुकरबर्ग की तस्वीर को आरएसएस की ड्रेस में प्रदर्शित किया गया है। वहीं, तस्वीर के साथ ‘मार्क बीजेपी बर्ग’ और ‘मेटा बीजेपी का बेटा’ जैसे विवादित नारे लिखे गए हैं।
यूथ कांग्रेस का कहना है कि मेटा की ओर से उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब का इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड किया जाना लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है। संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राजनीतिक पक्षपात का आरोप लगाते हुए इस कार्रवाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया है।
इस मामले में झारखंड प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव ने वीडियो जारी कर मेटा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात रखने और विरोध करने का अधिकार है। आखिर आजाद भारत में किसी को अपनी आवाज उठाने से कैसे रोका जा सकता है?
कुमार गौरव ने कहा कि यूथ कांग्रेस गांधीजी के विचारों को मानती है और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के विचारों का भी सम्मान करती है। उन्होंने मेटा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब मेटा, मेटा नहीं बल्कि बीजेपी का बेटा बन गया है। उन्होंने कहा कि भारत किसी राजनीतिक दल की डिजिटल कॉलोनी नहीं है, बल्कि संविधान से चलने वाला देश है, जहां नागरिकों को अभिव्यक्ति और विरोध का अधिकार प्राप्त है।
इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड किए जाने के विरोध में धनबाद में लगाए गए इस पोस्टर के जरिए यूथ कांग्रेस ने मेटा के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की है। पोस्टर में इस्तेमाल किए गए नारों और मार्क जुकरबर्ग की तस्वीर को लेकर जिले में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि इस पोस्टर वार पर भाजपा की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा इस विवाद पर क्या रुख अपनाता है।

