
टीम अनंत सोच
धनबाद: छठ पूजा संपन्न होने के एक सप्ताह बाद भी वार्ड नंबर 21 के ठाकुरकुलही छठ तालाब की सफाई नहीं होने पर स्थानीय छठ पूजा समिति के सदस्यों एवं नागरिकों ने रविवार को सफाई अभियान चलाया। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान में लगभग 30 लोगों ने श्रमदान कर तालाब की सफाई की।
अभियान के दौरान तालाब में जमा पूजा सामग्री, केले के थंब और विसर्जित मूर्तियों को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से सफाई कर तालाब को स्वच्छ बनाने की पहल की।
समाजसेवी पप्पू सिंह ने कहा कि छठ पूजा समाप्त हुए एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन नगर निगम और जनप्रतिनिधियों की ओर से ठाकुरकुलही तालाब की सफाई नहीं कराई गई। ऐसे में छठ पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों को स्वयं आगे आकर सफाई करनी पड़ी।
वहीं, समाजसेवी इंदर सिंह ने नगर निगम एवं जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सफाई अभियान आगे भी जारी रहेगा और अन्य क्षेत्रों में भी इस तरह की पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करेंगे।
सफाई अभियान में पप्पू सिंह, इंदर सिंह, फौदार सिंह, बबलू सिंह, त्रिलोकी विश्वकर्मा, कमलेश शर्मा, प्रसून पांडे, अमर सिंह, दीपक चौरसिया, शशिकांत मिश्रा, प्रमोद शर्मा, अनिल भारद्वाज, अनिकेत भगत, पिंटू रजवार, मोहन सिंह, प्रहलाद रजक, निर्मल महतो, सुमित्रा देवी, रामधारी सिंह, गोपाल सिंह एवं मालती देवी सहित अन्य लोग शामिल थे।

