टीम अनंत सोच 

धनबाद: कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर मंगलवार को कोयलांचल में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह होते ही दामोदर नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। मोहलबनी, सुदामडीह और लाल बंगला स्थित दामोदर घाट पर बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बुजुर्गों ने पवित्र स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में सुबह से ही खास उत्साह रहा। लोगों ने नदी में स्नान के बाद दीपदान और दान-पुण्य किया। श्रद्धालुओं ने भगवान से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की उन्नति और देश में सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना की। घाटों पर सुबह से ही भजन-पूजन और धार्मिक गतिविधियों के कारण भक्तिमय वातावरण बना रहा।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। कार्तिक माह में स्नान, पूजा-पाठ और दान-पुण्य को अत्यंत फलदायी माना जाता है। विशेष रूप से पूर्णिमा के दिन पवित्र नदियों में स्नान और दीपदान करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। इसी आस्था के तहत हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी और सरोवरों के तट पर पहुंचते हैं।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर दामोदर नदी के घाटों पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ ने कोयलांचल की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं की जीवंत तस्वीर पेश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed