
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। ताजा घटना धनसार थाना क्षेत्र की है, जहां अज्ञात चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक सामान और स्कूटी लेकर फरार हो गए।
घटना के संबंध में पीड़ित शिवकुमार शर्मा ने धनसार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि 24 नवंबर 2026, मंगलवार को वह निजी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इस दौरान घर में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था और मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था।
इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर अलमारी में रखे सोने के मंगलसूत्र, कान की बाली, नाक के आभूषण, चांदी की पायल समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए। चोर घर में रखे एलसीडी टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी ले गए। इसके अलावा करीब 10 से 12 हजार रुपये नकद और स्कूटी भी चोरी कर ली गई।
पीड़ित के अनुसार, चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग तीन लाख रुपये है। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता और भय का माहौल है।

