सदर अस्पताल में सड़क, पार्किंग शेड, ड्रेनेज और स्ट्रीट लाइट पर खर्च होंगे एक करोड़ रुपये, विवेकानंद चौक के पास नौ लाख से बनेगा सामुदायिक शौचालय

टीम अनंत सोच 

धनबाद :  धनबाद विधायक राज सिन्हा ने शुक्रवार को शहर में 1 करोड़ 9 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दो विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इन योजनाओं के पूरा होने से सदर अस्पताल आने वाले मरीजों और हीरापुर बाजार पहुंचने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

पहली योजना के तहत डीएमएफटी फंड से एक करोड़ रुपये की लागत से सदर अस्पताल के पुराने मुख्य द्वार से अस्पताल तक सड़क, पार्किंग शेड, स्ट्रीट लाइट, ड्रेनेज और फूलों की क्यारियों का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। विधायक राज सिन्हा ने इस योजना का फीता काटकर उद्घाटन किया।

वहीं, दूसरी योजना के तहत विधायक निधि से हीरापुर स्थित विवेकानंद चौक के समीप नौ लाख रुपये की लागत से सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। विधायक ने इस निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया।

इस मौके पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि सदर अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़क, पार्किंग शेड, स्ट्रीट लाइट, ड्रेनेज और फूलों की क्यारियों के निर्माण की योजना स्वीकृत कराई गई है।

वहीं, हीरापुर विवेकानंद चौक के समीप सामुदायिक शौचालय बनने से बाजार आने वाली महिलाओं सहित आम लोगों को काफी सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *