जिला परिषद सभागार में झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन ने आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम, अध्यक्ष शारदा सिंह ने की पहल की सराहना


टीम अनंत सोच
धनबाद: बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने और बेटियों को सुरक्षित, शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ गुरुवार को धनबाद जिला परिषद सभागार में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाल, शीघ्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट, धनबाद और ‘जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बाल विवाह के दुष्परिणामों और इसके खिलाफ सामाजिक भागीदारी की आवश्यकता पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए बेटियों को आगे बढ़ने का समान अवसर देना जरूरी है। बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त किए बिना समाज और देश का समुचित विकास संभव नहीं है। उन्होंने झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में बाल विवाह के खिलाफ सबसे पहले इसी संस्था ने अभियान शुरू किया था। संस्था की टीम ने जागरूकता और समर्पण के साथ इस दिशा में लगातार काम किया, जिसका परिणाम है कि आज यह मुहिम राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी है। प्रधानमंत्री भी ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
शारदा सिंह ने कम उम्र में विवाह के गंभीर दुष्परिणामों पर चिंता जताते हुए कहा कि कम उम्र में मां बनने से बच्चियों के स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसका असर नवजात बच्चों पर भी पड़ता है और वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से कमजोर हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की समस्या केवल ग्रामीण इलाकों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरी क्षेत्रों में भी ऐसे मामले सामने आते हैं, जिनमें से कई सामाजिक दबाव के कारण छिपे रह जाते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। आज कई साहसी बच्चियां खुद आगे आकर अपने बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठा रही हैं। इसके बावजूद जागरूकता की कमी के कारण कई क्षेत्रों में यह कुप्रथा अब भी कायम है। उन्होंने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में निरंतर जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत बताई।
कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक प्रयास तेज करने और समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का अवसर देना ही बाल विवाह मुक्त एवं सशक्त भारत की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है।

