पत्रकार के खिलाफ FIR और हाजत में कथित मारपीट को लेकर सरकार पर साधा निशाना, विधायक भूषण बाड्रा पर लगे दुष्कर्म के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग

टीम अनंत सोच 

धनबाद: झारखंड में पत्रकार अभिषेक भारती के साथ कथित मारपीट और पुलिसिया कार्रवाई का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। पत्रकार के समर्थन में धनबाद में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रणधीर वर्मा चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे दुष्कर्म के आरोपों तथा मामले को उजागर करने वाले पत्रकार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने और हाजत में कथित पिटाई पर सवाल उठाए। भाजपा ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और पत्रकार को न्याय दिलाने की मांग की।

पत्रकार अभिषेक भारती के साथ कथित दुर्व्यवहार और पुलिस हिरासत में मारपीट के आरोपों को लेकर भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पत्रकार के लिए न्याय की आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिला महामंत्री मानस प्रसून ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, लेकिन झारखंड में पत्रकारों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक भूषण बाड्रा पर दुष्कर्म का आरोप लगने के बावजूद सरकार की ओर से उनके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय मामले को सामने लाने वाले पत्रकार अभिषेक भारती के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

उन्होंने पत्रकार को हाजत में प्रताड़ित किए जाने और मारपीट के आरोपों को गंभीर बताते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है। भाजपा नेताओं ने पूरे मामले में सरकार से जवाब मांगा और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मानस प्रसून ने कहा कि भाजपा कथित सरकारी तानाशाही के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। जब तक पत्रकार अभिषेक भारती को न्याय नहीं मिलता, पार्टी इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *