
टीम अनंत सोच
धनबाद: आईआईटी- आईएसएम, धनबाद में शुक्रवार को भारत सरकार के “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान के तहत आयोजित युवा संगम फेज–VI कार्यक्रम का फ्लैग ऑफ समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर 54 छात्र-छात्राओं के दल को आईआईटी,इंदौर के लिए रवाना किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को संस्कृति, शिक्षा, नवाचार और आपसी संवाद के माध्यम से एक-दूसरे से जोड़ना है।
समारोह में आईआईटी-आईएसएम,धनबाद के निदेशक प्रो सुकुमार मिश्रा एवं पेंटाथलॉन वर्ल्ड चैंपियन और कांस्य पदक विजेता अनु कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में शामिल छात्रों ने कहा कि वे युवा संगम यात्रा को लेकर काफी उत्साहित हैं। उनका कहना था कि इस यात्रा के दौरान उन्हें इंदौर और मध्य प्रदेश की संस्कृति, परंपरा, रहन-सहन और खान-पान को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। साथ ही वे झारखंड की संस्कृति, परंपराओं और यहां के सामाजिक जीवन की जानकारी भी वहां के छात्रों के साथ साझा करेंगे, जिससे आपसी समझ और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।
इस मौके पर निदेशक प्रो सुकुमार मिश्रा ने सभी प्रतिभागी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं छात्रों को नया अनुभव देती हैं और नई चीजें सीखने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने छात्रों को हमेशा प्रतिस्पर्धी सोच रखने और लगातार सीखते रहने के लिए प्रेरित किया।

