
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद कोचिंग एसोसिएशन द्वारा रविवार को आईआईटी-आईएसएम के पेनमैन ऑडिटोरियम में मार्गदर्शन 4.0 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों, उनके शिक्षकों तथा अभिभावकों को सम्मानित कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और समर्पण को सराहा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो राम कुमार थे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन, समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति एकाग्रता ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने छात्रों को मोबाइल फोन का उपयोग सीमित और आवश्यक कार्यों तक रखने की सलाह देते हुए अधिक समय अध्ययन, कौशल विकास और आत्मविकास में लगाने का संदेश दिया।
धनबाद कोचिंग एसोसिएशन के संस्थापक मनोज कुमार ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और जिले में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का निर्माण करना है। उन्होंने बताया कि किसी भी छात्र की सफलता के पीछे उसके शिक्षक और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए इस मंच पर उन्हें भी सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हैं और उन्हें अपने भविष्य, करियर तथा उच्च शिक्षा के लिए सही दिशा चुनने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं,अभिभावक शिक्षक एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोग उपस्थित थे।

