

टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसएसपी प्रभात कुमार, डीटीओ सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अधिकारियों को दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर वहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, सघन वाहन जांच अभियान चलाने तथा यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। राष्ट्रीय राजमार्गों और शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर बने कई अवैध कट बंद किए गए हैं। इसके अलावा एनएच के सर्विस रोड पर अतिक्रमण और अनियंत्रित पार्किंग रोकने के लिए विशेष टीम गठित कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। आवश्यक राशि उपलब्ध होते ही मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।
वहीं एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया है कि बिना हेलमेट पेट्रोल देने वाले पेट्रोल पंपों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही वाहन जांच अभियान को और प्रभावी बनाते हुए दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट के अनिवार्य उपयोग पर विशेष जोर देने को कहा गया है।

