
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद के युवा स्केटर रुद्रांश शर्मा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाई है। 14 वर्षीय इनलाइन स्पीड स्केटर रुद्रांश का चयन बेल्जियम में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस उपलब्धि पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, धनबाद ने उन्हें सम्मानित किया।
धनबाद के होनहार इनलाइन स्पीड स्केटर रुद्रांश शर्मा का चयन अगस्त 2026 में बेल्जियम के ओस्टेंड शहर में आयोजित 58वीं फ्लैंडर्स ग्रां प्री प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में रुद्रांश भारतीय टीम का हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
महज 14 वर्ष की उम्र में रुद्रांश ने स्केटिंग की दुनिया में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वे झारखंड के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने एसजीएफआई नेशनल्स और सीबीएसई नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है।
रुद्रांश की इस सफलता पर बुधवार को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, धनबाद द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। महासभा के अध्यक्ष रवि भूषण श्रीवास्तव एवं राजीव रंजन ने उन्हें कप और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
अब तक रुद्रांश अपने करियर में 42 पदक जीत चुके हैं, जिनमें 25 स्वर्ण, 9 रजत और 8 कांस्य पदक शामिल हैं। हाल ही में उन्होंने 12वीं रैंकिंग ओपन नेशनल स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक तथा 11वीं रैंकिंग ओपन नेशनल चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं।
धनबाद निवासी रुद्रांश वर्तमान में जीडी गोयनका स्कूल में नौवीं कक्षा के छात्र हैं। उनके पिता सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल और माता शिक्षिका हैं। रुद्रांश का सपना एशियन गेम्स और विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाना है।
