टीम अनंत सोच 

धनबाद:  कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से अखिल भारतीय सांस्कृतिक संस्था संस्कार भारती, धनबाद महानगर द्वारा शनिवार को एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य पर आधारित यह कार्यक्रम कोयला नगरी स्थित सीएमपीएफ कॉलोनी के कोल माइंस प्रोविडेंट फंड ऑर्गनाइजेशन (सीएमपीएफ) गेस्ट हाउस में शाम 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुश्री नीतिशा नीरज द्वारा संस्कार भारती के ध्येय गीत की प्रस्तुति से हुआ। इसके बाद ऋषिता सेनगुप्ता ने भगवान गणेश की आराधना पर आधारित मनोहारी एकल नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की।

सांस्कृतिक संध्या के दौरान प्रख्यात गायक एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल के वरिष्ठ शिक्षक अरविंद महाराज ने शास्त्रीय गायन की विधाओं ख़याल एवं ठुमरी की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। उनके साथ हारमोनियम पर वरिष्ठ कलाकार जयशंकर ठाकुर तथा तबले पर संस्कार भारती के प्रदर्शन कला संयोजक करुणामोय मुखर्जी ने संगत की।

इसके उपरांत बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय की छात्रा श्रुति चन्द्रा ने कत्थक नृत्य की प्रभावशाली एकल प्रस्तुति देकर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके साथ हारमोनियम पर युवा कलाकार कुषाण सेनगुप्ता तथा तबले पर भास्कर रंजन दे ने संगत प्रदान की।

कार्यक्रम की शुरुआत में गुरु संचिता बक्शी एवं गुरु सरसी चन्द्रा के शिष्यों द्वारा अलग-अलग समूह कत्थक नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।

पूरे कार्यक्रम का सफल एवं आकर्षक मंच संचालन कार्मल स्कूल,धनबाद की शिक्षिका एवं कला क्षेत्र की जानी-मानी हस्ती सुवर्णा बनर्जी ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत “वन्दे मातरम्” के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

संस्कार भारती धनबाद महानगर के महामंत्री संजय सेनगुप्ता ने बताया कि यह आयोजन कला एवं संगीत प्रेमियों के लिए एक विशेष अवसर रहा, जिसमें क्षेत्र के प्रतिष्ठित कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक वातावरण को जीवंत बना दिया।

कार्यक्रम की सफलता में संस्था के प्रांतीय उपाध्यक्ष मथुरेश वर्मा, महानगर अध्यक्ष डॉ. प्रशान्त कुमार, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार, संरक्षक सोमनाथ पूर्ति, महामंत्री संजय सेनगुप्ता, मंत्री धीरज शर्मा, कला धरोहर संयोजक नीरज कुमार प्रसाद, मीडिया प्रभारी चन्दन पाल, सह-कोषाध्यक्ष वैभव पांडेय, तथा बरनाली गुप्ता, सस्वती सेन एवं संचिता बक्शी सहित पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

संस्कार भारती धनबाद महानगर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी कला प्रेमियों, गुणिजनों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *