

टीम अनंत सोच
धनबाद, 28 जून: जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सन्नी राज ने सदर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने अगस्त्या सिन्हा, सनव, मिशिका और देवांशी सहित कई बच्चों को “दो बूंद जिंदगी की” पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
डीडीसी ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाएं, ताकि आने वाली पीढ़ी को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में संक्रमण की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए इस अभियान का आयोजन मानसून से पहले किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले में 28 से 30 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत 4 लाख 24 हजार 729 बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। पहले दिन 28 जून को विभिन्न बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा देंगे।
पल्स पोलियो अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पांच वर्ष से कम आयु के बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना है, ताकि पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को और मजबूत किया जा सके।
इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 1976 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 1873 स्थायी बूथ, 79 ट्रांजिट बूथ और 16 मोबाइल टीमों की व्यवस्था की गई है। अभियान की निगरानी के लिए 392 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। साथ ही दवा की उपलब्धता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए 137 सब-डिपो स्थापित किए गए हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ रोहित गौतम, उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ दीपक कुमार, डीपीएम प्रतिमा कुमारी, एमओआईसी डॉ अनिता चौधरी, डीपीसी रेखा कुमारी समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

