टीम अनंत सोच 

धनबाद: बोकारो प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा सोमवार को धनबाद पहुंचे। समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक से पहले वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

बैठक में एसएसपी श्री प्रभातकुमार, सिटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब समेत जिले के अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। आईजी ने संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी तथा जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि संगठित अपराध से जुड़े गिरोहों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए ठोस कार्रवाई की जाए।

समीक्षा के दौरान पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रखने पर भी बल दिया गया। आईजी ने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि धनबाद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आपराधिक गतिविधि को सफल नहीं होने दिया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

फरार अपराधी प्रिंस खान द्वारा सांसद ढुल्लू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी को मिली कथित धमकी के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर आईजी ने कहा कि प्रिंस खान के खिलाफ पहले से ही कानूनी कार्रवाई चल रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है और जिले में शांति, सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *