टीम अनंत सोच 

धनबाद: नगर निगम ने लंबे समय से किराया बकाया रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को हीरापुर हटिया मार्केट की चार दुकानों को सील कर दिया गया। इन दुकानों पर पिछले चार से पांच वर्षों से नगर निगम का किराया बकाया था।

नगर निगम की प्रशासनिक टीम अधिकारियों की मौजूदगी में हटिया मार्केट पहुंची और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए चारों दुकानों को सील किया। कार्रवाई के दौरान बाजार में काफी देर तक अफरा-तफरी और हलचल का माहौल बना रहा।

नगर निगम के अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि संबंधित दुकानदारों को कार्रवाई से पहले दो से तीन बार नोटिस जारी कर बकाया किराया जमा करने का अवसर दिया गया था। बार-बार नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं किए जाने के कारण निगम को सीलिंग की कार्रवाई करनी पड़ी।

उन्होंने कहा कि फिलहाल चार दुकानों को सील किया गया है। आगे की कार्रवाई नगर निगम के नियमों और कानूनी प्रावधानों के तहत की जाएगी।

नगर निगम ने हटिया मार्केट के पच्चीस अन्य दुकानदारों को भी चेतावनी दी है कि जिनका किराया बकाया है, वे जल्द से जल्द भुगतान कर दें। अन्यथा उनके खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। निगम का कहना है कि राजस्व वसूली अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *