टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद स्थित बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय में सोमवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न छात्रहित मांगों को लेकर प्रशासनिक भवन में तालाबंदी कर दी। तालाबंदी के कारण कुलपति प्रो. राम कुमार सिंह समेत विश्वविद्यालय के कई अधिकारी प्रशासनिक भवन के बाहर ही खड़े रहे। इस दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।

आइसा के कार्यकर्ताओं का कहना है कि लंबे समय से छात्रहित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष रखी गई हैं, लेकिन अब तक उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासनिक भवन के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला जड़कर अपना विरोध दर्ज कराया।

इस दौरान कुलपति प्रो. राम कुमार सिंह ने कहा कि छात्रों की कई मांगों पर विश्वविद्यालय पहले से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि एलएलएम की पढ़ाई शुरू करने, ए के राय के नाम पर लाइब्रेरी स्थापित करने सहित अन्य शैक्षणिक सुविधाओं को लेकर प्रक्रिया जारी है। विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों के हितों के प्रति गंभीर है और चरणबद्ध तरीके से मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

आइसा के प्रदेश सचिव रितेश मिश्रा ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संगठन की मांगें पूरी तरह छात्रहित में हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में एलएलएम की पढ़ाई शुरू करना, 77 करोड़ रुपये के फंड का सही उपयोग कर अत्याधुनिक लैब और केंद्रीय पुस्तकालय की स्थापना जैसी मांगें पूरी तरह जायज हैं, लेकिन प्रशासन ने लगातार लापरवाही बरती है।

रितेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि कुलपति का लगभग तीन वर्षों का कार्यकाल पूरा होने के बावजूद छात्र हित में कोई उल्लेखनीय काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों से शुल्क लेकर सुविधाएं तो प्राप्त कर रहा है, लेकिन छात्रों की मूलभूत जरूरतों और समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है।

आइसा ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी सभी प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन और प्रशासनिक भवन की तालाबंदी जारी रहेगी। दूसरी ओर, विश्वविद्यालय प्रशासन ने बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *