
टीम अनंत सोच
धनबाद/ सिंदरी: संत इग्नासियस लोयोला फीस्ट के अवसर पर सिंदरी स्थित डिनोबिली स्कूल परिसर में मंगलवार को रक्तदान जागरूकता एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटीज, धनबाद के सहयोग से आयोजित इस शिविर में समाजसेवा और मानवता का संदेश देते हुए कुल 15 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जेसुइट प्रोविंस के प्रोविंशियल रेवरेंट फादर सनी जैकब एस.जे. ने किया। इस अवसर पर रेवरेंट फादर के. एम. जोशेफ एस.जे. (रेक्टर, डिनोबिली स्कूल्स), रेवरेंट फादर जोशी ज़ेवियर एस.जे. (सोसियस), विद्यालय की प्राचार्या प्रीता सोजन, उप-प्रधानाध्यापिका रिनीता साहा, अनुप पांडेय एवं ज्योति बरनवाल उपस्थित रहे और रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला।
शिविर में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटीज,धनबाद के चेयरमैन कौशलेंद्र कुमार सिंह, कार्यकारिणी सदस्य एवं चेयरमैन सलाहकार कुमार मधुरेंद्र सिंह, ब्लड डोनेशन प्रोग्राम पदाधिकारी बेनजीर प्रवीण, समाजसेवी ओंकार मिश्रा सहित सदर अस्पताल के एलटी आशीष कुमार, निताय, शर्मिष्ठा चटर्जी, विनोद कुमार तथा सामाजिक कार्यकर्ता एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटीज के आजीवन सदस्य सुधीर कुमार बरनवाल ने सक्रिय सहयोग दिया।
शिविर की खास बात यह रही कि सिंदरी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उनके इस कदम की सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, चिकित्सकीय टीम एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प दोहराया।

