टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं जनता मजदूर संघ के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय बच्चा सिंह की दूसरी पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। सूर्यदेव नगर स्थित उनके आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, मजदूर नेताओं, समर्थकों और आम लोगों ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

बुधवार को आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झरिया की पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, अभिषेक सिंह, एकलव्य सिंह समेत स्व. बच्चा सिंह के परिवार के सदस्य, जनता मजदूर संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया और उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्व. बच्चा सिंह ने अपना पूरा राजनीतिक जीवन मजदूरों और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित किया। झरिया की धरती से राजनीति की शुरुआत करने वाले बच्चा सिंह ने मजदूर हितों के लिए लगातार संघर्ष किया, जिसके कारण वे पूरे कोयलांचल क्षेत्र में एक लोकप्रिय और जनप्रिय नेता के रूप में स्थापित हुए।

वक्ताओं ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि विधायक के रूप में जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देना और झारखंड सरकार में नगर विकास मंत्री रहते हुए विकास कार्यों को गति देना उनकी विशेष पहचान रही। उनके सरल स्वभाव, संघर्षशील व्यक्तित्व और जनसेवा की भावना को हमेशा याद रखा जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्व. बच्चा सिंह के बताए मार्ग पर चलने, मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करने और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *