टीम अनंत सोच 

धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के निरंकारी चौक के समीप मंगलवार देर रात पुलिस और प्रिंस खान-गोपी खान गिरोह से जुड़े अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल दोनों अपराधियों को पुलिस सुरक्षा में शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन अपराधी इलाके में लेवी वसूलने पहुंचे थे। इसकी सूचना मिलने पर गश्ती दल ने निरंकारी चौक के पास उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें पुटकी निवासी नजीर अंसारी (36) और वासेपुर निवासी इरफान अंसारी (35) घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब और मुख्यालय-1 डीएसपी कुमार विनोद सहित धनबाद और बरवाअड्डा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मौके से हथियार, मोबाइल फोन और बाइक बरामद किए जाने की जानकारी दी है।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस को अपराधियों के लेवी वसूली के लिए इलाके में पहुंचने की सूचना मिली थी। गश्ती दल के पहुंचते ही अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दो अपराधी घायल हुए, जबकि एक फरार हो गया। फरार अपराधी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि घायल अपराधियों में से एक की गोपी खान से फोन पर बातचीत होती थी। जब्त मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की तकनीकी जांच की जा रही है। घटना की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी सूचना दी गई है। पुलिस फरार अपराधी के साथ-साथ गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *