
टीम अनंत सोच
धनबाद: सांसद ढुलू महतो के कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में मंगलवार को धनबाद जिला युवा कांग्रेस ने रणधीर वर्मा चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांसद का पुतला फूंकते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदित्य आनंद ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि छाताबाद की घटना के बाद झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, मंत्री, विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे। आदित्य आनंद के अनुसार, इस दौरान सांसद ढुलू महतो ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर ‘चोर’ कहा, जिसे उन्होंने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया।
आदित्य आनंद ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हमेशा जनता के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहते हैं। पीड़ित परिवार से मिलकर उनके दुख में सहभागी बनना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि द्वारा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ इस तरह की कथित टिप्पणी पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने सांसद से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि ऐसा नहीं होने पर युवा कांग्रेस अपना आंदोलन और तेज करेगी।
धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष नवनीत नीरज ने भी सांसद के कथित बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक जीवन में भाषा और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। पीड़ित परिवार से मिलना कांग्रेस नेताओं का मानवीय दायित्व था और ऐसे समय में उनके खिलाफ ‘चोर’ जैसी टिप्पणी करना आपत्तिजनक है। उन्होंने सांसद से कथित बयान वापस लेने और कांग्रेस परिवार से माफी मांगने की मांग की।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह योगी, नवीन सिंह, हरेंद्र शाही, अरविंद सैनी, इरफान खान, चौधरी आमिर खान, सत्यानंद पांडेय, बबलू दास, तबरेज खान, एनएसयूआई अध्यक्ष साहिल अली, बीरेंद्र पासवान, मो रुस्तम, गोलू यादव, राधेश्याम मुखिया, शिव कुमार सिंह समेत युवा कांग्रेस और कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने सांसद के कथित बयान की कड़ी निंदा करते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की।
