टीम अनंत सोच 

धनबाद: बरवाअड्डा स्थित सिंबायोसिस किड्स स्कूल में बुधवार को संस्कृत दिवस एवं रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों को राखी बांधकर और आरती उतारकर उनके प्रति सम्मान व कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्य एवं कई पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व सैनिक, विद्यालय की प्राचार्या रीना मंडल और निदेशक आशीष मंडल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर की। समारोह में पूर्व सैनिक रामनाथ मिश्रा, राज किशोर सिंह, चंद्रशेखर सिंह, अवधेश कुमार द्विवेदी एवं अनिल कुमार मौजूद रहे।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा में कविता, भाषण, स्वागत नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने ‘रक्षा का सूत्र—देश के वीर’ नामक देशभक्ति नाटक का मंचन कर सैनिकों के त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

रक्षाबंधन समारोह के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने पूर्व सैनिकों की कलाई पर राखी बांधी और आरती उतारी। इस मौके पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संरक्षक रामनाथ मिश्रा ने बच्चों को संबोधित करते हुए देश की सुरक्षा में सैनिकों की भूमिका और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और वीर जवानों के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।

विद्यालय के निदेशक आशीष मंडल ने पूर्व सैनिकों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को राष्ट्रभक्ति, संस्कृत भाषा, भारतीय संस्कृति और रक्षाबंधन की परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

फोटोग्राफरों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम में विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय फोटो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धनबाद के फोटोग्राफरों को भी सम्मानित किया गया। नेचर श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले धनबाद के फोटो पत्रकार चंदन पाल तथा फेस्टिवल फोटो कांटेस्ट में प्रथम स्थान हासिल करने वाले सुभोजीत घोषाल को विद्यालय परिवार की ओर से मोमेंटो एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्राचार्या रीना मंडल ने कहा कि संस्कृत दिवस और रक्षाबंधन जैसे आयोजनों के जरिए बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपरा, भाईचारे, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम का समापन बच्चों, शिक्षकों, पूर्व सैनिकों और विद्यालय परिवार की सामूहिक सहभागिता के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *