टीम अनंत सोच 

धनबाद: धैया ठाकुरकुल्ही निवासी 32 वर्षीय मिथिलेश रजक की नगर निगम के कचरा वाहन की चपेट में आने से इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। मौत के बाद गुरुवार को आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने लुबी सर्कुलर रोड स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया।

बताया जाता है कि मिथिलेश मंगलवार को अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान गलीनुमा सड़क पर नगर निगम का कचरा वाहन पीछे की ओर आ रहा था। इसी क्रम में मिथिलेश वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मिथिलेश शादीशुदा थे और उनके तीन बच्चे हैं। वह कपड़े धोने और प्रेस करने का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग नगर निगम कार्यालय पहुंचे और शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने तथा परिवार के एक सदस्य को नगर निगम में नियोजन देने की मांग की।

प्रदर्शन के कारण लुबी सर्कुलर रोड पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई और आवागमन बाधित रहा। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि मिथिलेश परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद पत्नी और तीन बच्चों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में निगम प्रशासन को मानवीय आधार पर परिवार को उचित मुआवजा और नियोजन उपलब्ध कराना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *