टीम अनंत सोच 

धनबाद: कतरास-जोगता थाना क्षेत्र के सिजुआ स्थित काली मंदिर के समीप मंगलवार सुबह अचानक हुए भीषण भू-धंसान से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भू-धंसान की चपेट में आने से कई घर क्षतिग्रस्त होकर जमींदोज हो गए, जबकि कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत राहत कार्य में जुट गए और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। हालांकि, भू-धंसान की इस घटना में हुए नुकसान और प्रभावित लोगों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से भू-धंसान का खतरा बना हुआ था। लोगों ने घटना के पीछे अवैध कोयला खनन की आशंका जताते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। हालांकि, भू-धंसान के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

घटना से आक्रोशित लोगों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने और प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत एवं सुरक्षित पुनर्वास की मांग को लेकर कतरास-सिजुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

फिलहाल इलाके में भय और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग प्रशासन से भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र का तत्काल सर्वे कराने, प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर भेजने और घटना के कारणों की जांच करने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *