टीम अनंत सोच 

धनबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा और समर्पण को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी धनबाद जिला महानगर की ओर से बुधवार को ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जगजीवन नगर स्थित दिव्यांग बच्चों के विद्यालय ‘पहला कदम’ में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।

शिविर का आयोजन विद्यालय प्रमुख श्रीमती अनीता अग्रवाल के सहयोग तथा अशर्फी अस्पताल प्रबंधन के सहयोग से किया गया। इस दौरान चिकित्सकों की टीम ने विद्यालय के बच्चों और उनके अभिभावकों के स्वास्थ्य की जांच की तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के धनबाद जिला महानगर संयोजक संजीव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत से ही सेवा कार्यों से जुड़े रहे हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण और विकास के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी केंद्र सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं।

संजीव अग्रवाल ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत पहला कदम विद्यालय में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करना समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सेवा पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने शिविर के आयोजन में सहयोग के लिए विद्यालय प्रमुख अनीता अग्रवाल और अशर्फी अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार जताया।

वहीं, पहला कदम विद्यालय की प्रमुख अनीता अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कई कार्य किए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से भी बड़ी संख्या में परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला है।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय झा, ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के सहसंयोजक मिल्टन पार्थ सारथी, डॉ. कृष्णा, सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल, सुधा पांडे, काजल, पिंकी रावत, चंचला, श्रुति, विवेक कुमार, रीना, मनोज कुमार, नीलम, माधुरी, अनवारूल हक समेत विद्यालय के छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *