
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद के बारामुड़ी खटाल में मकानों को खाली कराने की प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान अवैध कोयले के भंडारण का मामला सामने आया है। मौके से करीब 150 बोरी कच्चा कोयला और दो पिकअप वैन जब्त किए गए हैं। प्रशासन की टीम यहां लगभग 150 मकानों पर कारण बताओ नोटिस चिपकाने पहुंची थी। इसी दौरान खटाल के बीच बड़ी मात्रा में बोरियों में भरा कोयला देखकर अधिकारी चौंक गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ रामप्रवेश कुमार ने तत्काल इसकी सूचना उपायुक्त को दी। उपायुक्त के निर्देश पर धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छापेमारी जैसी कार्रवाई करते हुए कोयले से भरी बोरियों तथा दो पिकअप वैन को जब्त कर लिया। बाद में जब्त कोयले को धनबाद थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सतीश यादव और मुकेश यादव पर मोटरसाइकिल के माध्यम से कोयला इकट्ठा करने और फिर पिकअप वैन से उसे दूसरे जिलों में भेजने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मकानों को खाली कराने के लिए शुरू हुई प्रशासनिक कार्रवाई के बीच अवैध कोयले का भंडारण सामने आने से बारामुड़ी खटाल में हलचल बढ़ गई है। अब इस मामले में पुलिस की आगे की जांच और कार्रवाई पर नजर है।

