एक वर्ष पूर्व डीएमएफटी की बैठक में उठाया गया था प्रस्ताव, अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी योजना

टीम अनंत सोच
धनबाद: भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटीज, धनबाद के लिए प्रस्तावित दस बेड के डायलिसिस सेंटर की योजना अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी है। इसको लेकर रेडक्रॉस सोसाइटीज,धनबाद के कार्यकारिणी सदस्य सह रेडक्रॉस सोसाइटीज धनबाद चेयरमैन सलाहकार एवं समाजसेवी कुमार मधुरेन्द्र सिंह ने धनबाद विधायक से जल्द पहल करने की मांग की है।
उन्होंने विधायक को लिखे पत्र में बताया है कि लगभग एक वर्ष पूर्व डीएमएफटी की बैठक में दस बेड के डायलिसिस सेंटर का प्रस्ताव रखा गया था। तत्कालीन उपायुक्त माधवी मिश्रा की उपस्थिति में इस योजना पर चर्चा की गई थी। इसके बाद वर्तमान उपायुक्त आदित्य रंजन के कार्यकाल में भी इस दिशा में समन्वय स्थापित कर जनहित में योजना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया।
कुमार मधुरेन्द्र सिंह ने कहा कि डायलिसिस सेंटर की स्थापना से धनबाद के मरीजों को बड़ी राहत मिल सकती है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को स्थानीय स्तर पर डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके बावजूद योजना का अब तक शुरू नहीं होना निराशाजनक है।
उन्होंने पत्र में सवाल उठाया है कि आखिर किन कारणों से जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण योजना को अब तक लंबित रखा गया है। उन्होंने कहा कि विधायक की पहल पर सामने आई इस योजना को निर्णय के अभाव में ठंडे बस्ते में पड़े रहने देना उचित नहीं है। इससे भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटीज,धनबाद भी निराश है।
उन्होंने धनबाद विधायक से आग्रह किया है कि योजना में आ रही बाधाओं की समीक्षा कर जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब-तलब किया जाए तथा आवश्यक निर्णय लेकर दस बेड के डायलिसिस सेंटर को जल्द चालू कराया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधायक इस जनहितकारी योजना को धरातल पर उतारने के लिए प्रभावी पहल करेंगे।
