पुलिसिंग को मिलेगी नई मजबूती, महत्वपूर्ण दस्तावेजों का सुरक्षित रखरखाव और त्वरित उपलब्धता होगी सुनिश्चित

टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद के पुलिस विभाग के कामकाज को अधिक व्यवस्थित और आधुनिक बनाने की दिशा में धनबाद ने एक नई उपलब्धि हासिल की है। बुधवार को पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने समाहरणालय परिसर में नवनिर्मित आधुनिक रिकॉर्ड रूम का उद्घाटन किया। इसके साथ ही धनबाद झारखंड का पहला जिला बन गया है, जहां पुलिस विभाग के लिए इस तरह की आधुनिक रिकॉर्ड रूम सुविधा विकसित की गई है।

उद्घाटन समारोह से पहले जिला पुलिस बल की ओर से आईजी को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने फीता काटकर रिकॉर्ड रूम का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस याकूब मोहम्मद सहित कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस विभाग में रिकॉर्ड रूम का विशेष महत्व है। विभिन्न मामलों की जांच, निष्पादन और विभागीय कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी इसी व्यवस्था पर होती है। आधुनिक रिकॉर्ड रूम बनने से अब दस्तावेजों का रखरखाव अधिक व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध होंगे।

उन्होंने इस पहल के लिए एसएसपी प्रभात कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि धनबाद में पुलिस विभाग को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में धनबाद पुलिसिंग के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगा और विभागीय कार्यालयों में भी आधुनिक बदलाव देखने को मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *