चंदन पाल की रिपोर्ट 

धनबाद: धनबाद, सामाजिक संस्था लिंडसे क्लब एंड लाइब्रेरी द्वारा पौष पारबोन उत्सव के दौरान रविवार को एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। क्लब परिसर में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करना रहा।शिविर का आयोजन एसएनएमएमसीएच के तकनीकी सहयोग से सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

क्लब परिसर में आयोजित इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा ने रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व एवं इसके फायदे के बारे में जानकारी दी। 

इस अवसर पर क्लब के सचिव सलिल विश्वास ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। लिंडसे क्लब केवल सांस्कृतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाता रहा है।

अध्यक्ष अमलेंदु सिन्हा ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के व्यस्त जीवन में इस प्रकार के शिविरों का महत्व और भी बढ़ जाता है। युवाओं में रक्तदान को लेकर जो उत्साह देखा गया, वह समाज के लिए अत्यंत सकारात्मक संकेत है। अस्पताल के डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोग से शिविर को पूर्णतः सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में आयोजित किया गया।

इस रक्तदान शिविर में क्लब के सदस्यों के साथ-साथ स्थानीय युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दोपहर तक 34 यूनिट रक्त संग्रह किया जा चुका था। रक्तदाताओं के लिए जलपान एवं विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई थी।

इस अवसर पर एसएनएमएमसीएच की मेडिकल टीम द्वारा रक्तदाताओं को कॉफी मग क्लब के तरफ से मोमेंटो व प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि लिंडसे क्लब एंड लाइब्रेरी आने वाले समय में स्वास्थ्य जांच शिविर,पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को और व्यापक रूप से आयोजित करेगी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब के अन्य पदाधिकारियों, सदस्यों एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *