मनीष रंजन की रिपोर्ट 

धनबाद :  नए साल की शुरुआत से पहले धनबाद के नए समाहरणालय को पूरी तरह क्रियाशील बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। बुधवार को उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने पुराने समाहरणालय परिसर का निरीक्षण कर लंबित व्यवस्थाओं को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

वर्तमान में ट्रेजरी ऑफिस पुराने समाहरणालय भवन में संचालित हो रहा है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में कठिनाइयां आ रही हैं। फाइलों और कागजात के लिए बार-बार पुराने दफ्तर जाना पड़ता है। सुरक्षा की दृष्टि से भी अलग से फोर्स तैनात करनी पड़ती है जो एक बड़ी समस्या बन गई है। उपायुक्त आदित्य रंजन ने मीडिया से कहा कि जल्द ही ट्रेजरी को नए समाहरणालय में स्थानांतरित किया जाएगा, जहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

नए समाहरणालय में फर्नीचर और तकनीकी संसाधनों का आकलन पूरा कर लिया गया है ताकि आम जनता और कर्मचारियों को कोई परेशानी न हो। नए परिसर में वाहनों के लिए बड़ी पार्किंग, आगंतुकों और कर्मचारियों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण कैंटीन की सुविधा भी होगी। सभी विभाग एक ही स्थान पर होने से समय की बचत भी होगी।

इस दौरान उपायुक्त ने कुपोषण उपचार केंद्र का भी निरीक्षण किया। ठंड के बावजूद केंद्र में बच्चों की देखभाल संतोषजनक पाई गई। रजिस्टर जांच में नवंबर-दिसंबर में केंद्र की पूरी क्षमता से संचालन की पुष्टि हुई। उन्होंने कहा कि धनबाद में कुपोषण की समस्या से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को रोकने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा ताकि जिला कुपोषण मुक्त बन सके।

निरीक्षण के बाद उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं और ठंड के मौसम में सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए जश्न मनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *