चंदन पाल की रिपोर्ट 

धनबाद : प्रत्येक वर्ष 3 जनवरी को अमर शहीद स्वर्गीय रणधीर प्रसाद वर्मा को उनके शहादत दिवस पर स्थानीय रणधीर प्रसाद वर्मा चौक पर स्थापित प्रतिमा के पास श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है। आज उनके 35वीं शहादत दिवस पर धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर उनकी आदमकद प्रतिमा के सामने विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद रीता प्रसाद वर्मा, धनबाद के उपायुक्त आदित्यरंजन, एसएसपी प्रभात कुमार सहित जिले के कई अधिकारी मौजूद रहे। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने रणधीर वर्मा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। श्रद्धासुमन अर्पित करने के पहले सशस्त्र पुलिस बल के तरफ से सलामी दी गई। 

ज्ञात हो कि रणधीर वर्मा ने 1991 में धनबाद के बैंक ऑफ इंडिया, हीरापुर शाखा पर हुए खालिस्तानी उग्रवादियों के हमले के दौरान वीरगति प्राप्त की थी। मुठभेड़ में उन्होंने तीन डकैतों में से एक को मौके पर मार गिराया, दूसरे को गंभीर रूप से घायल कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि तीसरा डकैत हथियार छोड़कर भाग गया था, जिसे बाद में पकड़ लिया गया और मार गिराया गया।

रणधीर वर्मा की धर्मपत्नी रीता प्रसाद वर्मा ने उन्हें अपना आदर्श और प्रेरणा स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि उनकी बहादुरी और देशभक्ति हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगी। 

धनबाद के उपायुक्त और एसएसपी ने भी उनकी शहादत को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा में लोक संगीत के प्रसिद्ध सूफी कलाकारों भारती बंधुओं ने संगीत प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *