

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: नगर निकाय चुनाव घोषणा के बाद नामांकन के पहले ही दिन पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने समाहरणालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक, कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक मौजूद रहे।
नामांकन से पूर्व चंद्रशेखर अग्रवाल ने झरिया स्थित श्याम मंदिर में पूजा-अर्चना की और वहां से समर्थकों के साथ भव्य रैली की शुरुआत की। रैली झरिया से धनसार होते हुए शक्ति मंदिर पहुंची। इसके बाद नया बाजार, राजेंद्र सरोवर और सिटी सेंटर मैं गांधी प्रतिमा को माल्यार्पण करते हुए मेमको मोड़ तक पहुंची। मेमको मोड़ से चंद्रशेखर अग्रवाल अपने समर्थकों के साथ पैदल ही समाहरणालय पहुंचे, जहां उन्होंने निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष नामांकन की प्रक्रिया पूरी की।
रैली के दौरान जगह-जगह समर्थकों ने फूल-मालाओं से चंद्रशेखर अग्रवाल का स्वागत किया और उनके समर्थन में नारे लगाए। रैली में शामिल लोगों में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिला कि उन्हें जनसमर्थन प्राप्त है।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने धनबाद शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। झारखंड का पहला आठ लेन सड़क धनबाद को मिला, जलापूर्ति, सफाई व्यवस्था, जगह जगह स्वयं सहायता समूह बनाने की पहल की और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों को जनता भली-भांति जानती है। समय पर चुनाव हो जाने पर धनबाद का रूप कुछ और होता।
उन्होंने विश्वास जताया कि उनके कार्यों और जनसेवा के आधार पर धनबाद की जनता एक बार फिर उन्हें सेवा का अवसर देगी। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि जनता का समर्थन मिला और वे दोबारा मेयर चुने गए, तो धनबाद के समग्र विकास के लिए अधूरे कार्य को पहले से भी अधिक मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
