

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: धनबाद न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। यह धमकी धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार को ईमेल के माध्यम से मिली, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट हो गईं।
एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया गया। अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने न्यायालय की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी। मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीम पहुंचकर पूरे परिसर की सघन जांच में जुट गई।
बम की अफवाह से कुछ देर के लिए परिसर में दहशत का माहौल बन गया। तलाशी अभियान के दौरान एक अधिवक्ता की गाड़ी से रिमोट मिलने पर पुलिस की चिंता और बढ़ गई। हालांकि बाद में जांच में स्पष्ट हुआ कि वह टीवी का रिमोट था, जिसे अधिवक्ता मरम्मत के लिए अपने वाहन में रखे हुए थे। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते ने पूरे न्यायालय परिसर की बारीकी से जांच की, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। प्रारंभिक जांच में बम होने की सूचना गलत और अफवाह साबित हुई।
फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि धमकी को हल्के में नहीं लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
