चंदन पाल की रिपोर्ट 

धनबाद: शुक्रवार को धनबाद में बिजली समस्याओं को लेकर भाजपा जिला कमिटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। स्मार्ट मीटर, बढ़े हुए बिजली बिल और लगातार हो रही कटौती के विरोध में कार्यकर्ताओं ने पॉलीटेक्निक मोड़ से जुलूस निकाला, जो मिश्रित भवन स्थित बिजली कार्यालय तक पहुंचा। वहां पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने घेराव कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

इस प्रदर्शन का नेतृत्व धनबाद विधायक राज सिन्हा ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता बैनर और तख्तियां लेकर चल रहे थे, जिन पर “बढ़ी हुई बिजली दर वापस लो”, “बिजली दर कम करो” और “बिजली महाप्रबंधक होश में आओ” जैसे नारे लिखे थे। पूरे रास्ते सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

घेराव के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के महाप्रबंधक अशोक कुमार सिन्हा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इसमें स्मार्ट मीटर से हो रही दिक्कतों, अनियमित बिजली आपूर्ति और बढ़े हुए बिलों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

विधायक राज सिन्हा ने कहा कि बिजली संकट से आम जनता काफी परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है, वहीं दूसरी ओर स्मार्ट मीटर और बढ़ी हुई दरों ने उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।

उन्होंने यह भी कहा कि यह आंदोलन केवल धनबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के सभी 24 जिलों में भाजपा द्वारा बिजली कार्यालयों का घेराव किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *