

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: बढ़ती महंगाई के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) गुरुवार को राज्यव्यापी आंदोलन करेगी। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर झारखंड के सभी 24 जिलों में सुबह 10 बजे से धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
यह जानकारी पार्टी के जिला सचिव मन्नू आलम ने बुधवार को रणधीर वर्मा चौक स्थित धरना स्थल पर दी।
मन्नू आलम ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर दोनों के दाम बढ़ने से परिवारों और व्यवसायों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने के बजाय अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से बच रही है।
उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता का घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर जेएमएम ने राज्यभर में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
