मनीष रंजन की रिपोर्ट 

धनबाद: राज्य सरकार के निर्देश और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के संकल्प के तहत होमगार्ड भर्ती के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा दूसरे दिन भी पूरी सख्ती और पारदर्शिता के साथ जारी रही।

बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस परीक्षा में अभ्यर्थियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन समेत जिले के वरीय अधिकारी लगातार परीक्षा की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी प्रकार की जालसाजी या फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। पूरे परिसर में सीसीटीवी निगरानी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति और आधार सत्यापन भी अनिवार्य किया गया है। दौड़ जैसी गतिविधियों के सटीक समय मापन के लिए RFID तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे परिणाम पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिहीन सुनिश्चित किया जा सके।

परीक्षा स्थल पर एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, एसडीएम, डीएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं, जो लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी बिचौलिए या ठग के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें।

परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संचालित हो रही है। सफल अभ्यर्थियों की सूची प्रक्रिया पूरी होने के बाद आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *