चंदन पाल की रिपोर्ट 

धनबाद: धनबाद के केंदुआ क्षेत्र में एक गंभीर भू-धंसान की घटना ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। धनबाद–बोकारो–रांची (NH-18) मुख्य मार्ग पर अचानक सड़क लगभग 2–3 फीट नीचे धंस गई, जिसके बाद एहतियातन इस व्यस्त फोरलेन सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

केंदुआडीह थाना पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर शाम सड़क पर हल्की धंसान के शुरुआती संकेत मिले थे, लेकिन बुधवार सुबह तक स्थिति काफी बिगड़ गई। हालात को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों ओर बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाना शुरू कर दिया।

स्थानीय निवासी दिनानाथ ठाकुर ने बताया कि इसी इलाके में 6 अप्रैल को तीन दुकानों में दरारें पड़ चुकी थीं। ये दुकानें पुराने महाप्रबंधक आवास परिसर की दीवार से सटी हुई थीं। उस समय प्रशासन और बीसीसीएल ने मिट्टी भराई कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की थी, लेकिन अब स्थिति फिर से गंभीर हो गई है।

गौरतलब है कि 4 दिसंबर 2025 को इसी क्षेत्र में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के रिसाव से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद से जिला प्रशासन और बीसीसीएल लगातार भूमिगत आग और जहरीली गैस के प्रभाव को कम करने के लिए जमीन के भीतर नाइट्रोजन गैस भरने का काम कर रहे हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, भूमिगत आग और गैस रिसाव के कारण जमीन लगातार कमजोर हो रही है, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित क्षेत्र से दूर रहें और जारी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *