चंदन पाल की रिपोर्ट 

धनबाद: धनबाद के केंदुआडीह कोलियरी क्षेत्र में हाल के दिनों में भू-धंसान और जहरीली गैसों के रिसाव की घटनाओं से स्थानीय लोग भयभीत हैं। इसी स्थिति को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) की “न्याय रथ” टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और लोगों को सहायता का आश्वासन दिया।

यह दौरा डालसा के सचिव सह अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनो के नेतृत्व में किया गया। उनके साथ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ कुमार विमलेंदु, डिप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट तथा टीम के अन्य सदस्य—अरुण कुमार, राजेश सिंह और योगेश कुमार भी मौजूद थे। टीम ने भू-धंसान और गैस प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना।

मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि यह कार्रवाई प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर गठित विशेष टीम के द्वारा की जा रही है। इस टीम में योगेश्वर नाथ शर्मा, रणधीर भारती, रूपा कुमारी और दीपा कुमारी सहित अन्य सदस्य शामिल हैं, जो लगातार क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का आकलन करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को त्वरित न्याय, पुनर्वास और आवश्यक सरकारी सुविधाएं दिलाने के लिए टीम सक्रिय रूप से काम कर रही है। साथ ही, एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को सौंपी जाएगी, जिसके बाद बीसीसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर समस्या के समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

डालसा की टीम न केवल प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुन रही है, बल्कि उन्हें सुरक्षा उपायों और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक कर रही है। संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया भी जारी है।

इस पहल से स्थानीय लोगों में विश्वास बढ़ा है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *