

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण की मांग अब तेज होती जा रही है। इसी क्रम में सांसद ढुलू महतो ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर 24 अप्रैल को भव्य आंदोलन और पदयात्रा आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में हजारों लोग भाग लेंगे और राज्य सरकार से एयरपोर्ट निर्माण को लेकर स्पष्ट जवाब मांगा जाएगा।
पदयात्रा रणधीर वर्मा स्टेडियम से शुरू होकर रणधीर वर्मा चौक तक जाएगी। सांसद ने कहा कि वे लंबे समय से धनबाद में एयरपोर्ट की मांग उठाते आ रहे हैं और इस दिशा में केंद्र सरकार के स्तर पर भी प्रयास किए गए हैं। हालांकि, राज्य सरकार द्वारा अब तक जमीन उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
उन्होंने यह भी कहा कि धनबाद को कोयला राजधानी के रूप में पहचान मिली हुई है, जहां उद्योग, व्यापार और शोध से जुड़े लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में एयरपोर्ट बनने से जिले के विकास को नई गति मिलेगी।
सांसद ने राज्य सरकार से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि जल्द जमीन उपलब्ध कराई जाए, तो धनबाद में एयरपोर्ट का निर्माण शीघ्र शुरू किया जा सकता है। इसी मांग को लेकर अब जनआंदोलन का रास्ता अपनाया जा रहा है।
