

मनीष रंजन की रिपोर्ट
धनबाद: धनबाद थाना क्षेत्र में 20 मार्च 2026 को हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। साहू गली निवासी रोहित कुमार की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक की बहन रितु कुमारी के फर्दबयान पर थाना कांड संख्या 95/26 दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 23 अप्रैल 2026 को चार आरोपियों—जीतु यादव, तरुण यादव, महेश धीबर और भुनेश्वर हाड़ी—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
आज सिटी एसपी त्रत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि घटना के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद मुख्य कारण था। करीब दो महीने पहले “प्रेम” नामक युवक द्वारा एक आरोपी की नाबालिग बेटी को भगाने की घटना से नाराज होकर आरोपियों ने बदले की भावना में रोहित कुमार की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का दाव, दो मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल सहित अन्य सामान बरामद किया है। मामले की जांच अभी जारी है।
प्रेस वार्ता में डीएसपी लाॅ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, धनबाद थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडे भी उपस्थित थे।
