चंदन पाल की रिपोर्ट 

धनबाद: धनबाद के केंदुआ क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर हालात गंभीर कर दिए हैं। धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग पर पहले से बने गोफ के पास नया भू-धंसान हो गया है, जिसमें तेज़ी से बारिश का पानी समा रहा है। इससे गोफ का दायरा लगातार फैलता जा रहा है और मुख्य सड़क पूरी तरह खतरे की जद में आ गई है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र सड़क को दोनों ओर से बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।लगातार हो रही धंसान की घटनाओं के कारण क्षेत्र का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बीते 15 दिनों से सड़क बंद रहने के कारण यातायात डायवर्ट किया गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन तथा बीसीसीएल पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। भाजपा विधायक राज सिन्हा, भाकपा माले विधायक अरूप चटर्जी और आजसू नेता मंटू महतो सहित कई संगठनों ने सड़क की तत्काल मरम्मत और सुरक्षा उपायों की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।

गौरतलब है कि इसी स्थान पर 15 अप्रैल को भी सड़क धंस गई थी। वहीं इससे पहले 31 नवंबर की रात भूमिगत खदान में विस्फोट के बाद जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का रिसाव शुरू हुआ था, जिसमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है। बीसीसीएल द्वारा हालात नियंत्रित करने के प्रयास अब तक पूरी तरह सफल नहीं हो पाए हैं।

बीसीसीएल प्रबंधन ने आशंका जताई है कि लगातार बारिश के कारण स्थिति और बिगड़ सकती है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है क्योंकि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *