

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: गोविंदपुर पुलिस ने लूटकांड का खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया सामान, नकद राशि और वारदात में इस्तेमाल वाहन भी बरामद किए हैं। इस संबंध में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने गोविंदपुर पुलिस के साथ प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 2 मई 2026 को नारायणपुर निवासी इरफान अंसारी धनबाद से लैपटॉप लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोविंदपुर मुख्य सड़क पर तीन मोटरसाइकिलों पर सवार 6–7 अपराधियों ने उन्हें रोककर मारपीट की और मोटरसाइकिल, लैपटॉप, मोबाइल तथा 22 हजार रुपये लूट लिए। जाते समय अपराधियों ने एक मोबाइल नंबर देकर फिर संपर्क करने को कहा।
वादी ने 4 मई को नंबर पर संपर्क किया तो अपराधियों ने उन्हें गोविंदपुर अस्पताल के पास बुलाया। वहां उन्हें एक कार में बैठाकर मुगमा की ओर ले जाया गया, जहां दोबारा उनका मोबाइल और नकद छीनकर धक्का देकर फरार हो गए।
लिखित शिकायत के बाद गोविंदपुर थाना कांड संख्या 132/2026 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने विशेष टीम गठित की। त्वरित छापेमारी में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी में रजहन अंसारी (27) फकीरडीह, गोविंदपुर,फरदीन अंसारी (19),पुरैना, गोविंदपुर,राजू अंसारी (27), गंगाटांड़, गोविंदपुर,जावेद अंसारी (27) फकीरडीह, गोविंदपुर है।
अपराधियों के पास से बरामद सामानों में हुंडई i20 कार,वारदात में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल समेत कुल चार बाइक,लूटा गया मोटरसाइकिल,लैपटॉप,सात मोबाइल फोन तथा 25,000 रुपये नकद मिले।
हुंडई i20 कार (JH10BV-7891) चार मोटरसाइकिल (JH10DG-2878, JH10W-9828, JH10CP-0750,JH21P-5841)
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप है और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है।
