

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: बोकारो कोयला प्रक्षेत्र के आईजी शैलेंद्र सिन्हा बुधवार को पहली बार पदभार संभालने के बाद धनबाद पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विकश्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी मो याक़ूब, सभी डीएसपी एवं विभिन्न थाना प्रभारियों ने भाग लिया। इस दौरान आईजी ने पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।
मीडिया से बातचीत में आईजी शैलेंद्र सिन्हा ने बताया कि 18 अप्रैल को पदभार ग्रहण करने के बाद वे लगातार सभी जिलों का दौरा कर रहे हैं और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं, ताकि समन्वय के माध्यम से पुलिस व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए थाना स्तर से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक तालमेल आवश्यक है। साथ ही आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनने और संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
