

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: आईआईटी-आईएसएम, धनबाद के डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग ने वर्ष 2026-28 सत्र के लिए एग्जीक्यूटिव एमबीए कार्यक्रम में नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 31 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर प्रो रश्मि सिंह ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया 15 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है। ऑनलाइन लिखित प्रवेश परीक्षा 14 जून को आयोजित होगी, जबकि ऑनलाइन इंटरव्यू 16 एवं 17 जून को लिए जाएंगे। चयनित उम्मीदवारों की सूची 3 जुलाई को संस्थान की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। इसके बाद 6 से 13 जुलाई 2026 तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
यह दो वर्षीय एग्जीक्यूटिव एमबीए कार्यक्रम चार सेमेस्टर में संचालित होगा। कार्यरत पेशेवरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कक्षाएं बुधवार से रविवार तक ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी। वहीं मिड सेमेस्टर और एंड सेमेस्टर परीक्षाएं ऑफलाइन मोड में आईआईटी-आईएसएम के अलावा कोलकाता और दिल्ली स्थित एक्सटेंशन सेंटर में होंगी।
कार्यक्रम में इंटरनेशनल बिजनेस, बिजनेस एनालिटिक्स, डेटा साइंस, डिजिटल मार्केटिंग, एचआर मैनेजमेंट, सप्लाई चेन मैनेजमेंट, एंटरप्रेन्योरशिप और इनोवेशन जैसे आधुनिक विषयों का अध्ययन कराया जाएगा।
नामांकन के लिए अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 45 प्रतिशत अंकों तक की छूट दी गई है। साथ ही कम से कम एक वर्ष का कार्यानुभव भी जरूरी रखा गया है।
संस्थान की ओर से कार्यक्रम की कुल फीस 6 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जिसे सेमेस्टर के आधार पर जमा करना होगा। इस कोर्स में कुल 100 सीटें उपलब्ध हैं। वर्तमान में इस कार्यक्रम में कोल इंडिया लिमिटेड, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा स्टील, एनटीपीसी लिमिटेड, इंफोसिस, ओएनजीसी तथा इंडियन रेलवे सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के अधिकारी अध्ययनरत हैं।
