टीम अनंत सोच 

धनबाद: युवाओं को आत्मनिर्भर और रोजगार सृजन की दिशा में प्रेरित करने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक एवं वक्ता प्रोफेसर देबज्योति मुखर्जी गुरुवार को धनबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में आयोजित सेमिनारों में हिस्सा लेकर युवाओं और छात्राओं को उद्यमिता के महत्व के बारे में जागरूक किया।

मानव विकास कल्याण समिति द्वारा आशा किरण और ब्राइटर स्टेप संस्थान के सहयोग से “उद्यमिता ही क्यों?” विषय पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम अभय सुंदरी गर्ल्स मध्य विद्यालय, ईस्ट एंड स्कूल और बड्स गार्डन में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

अभय सुंदरी गर्ल्स मध्य विद्यालय में आयोजित सत्र के दौरान प्रोफेसर देबज्योति मुखर्जी ने विद्यार्थियों को स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में केवल नौकरी पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को नए अवसरों की तलाश करते हुए खुद रोजगार सृजक बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम की मुख्य आयोजक प्रियदर्शिनी यादव ने कहा कि वर्तमान समय में उद्यमिता की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य युवा-युवतियों को उद्यमिता के प्रति आकर्षित करना, उन्हें प्रशिक्षण देना, पूंजी उपलब्ध कराना और हैंड होल्डिंग सपोर्ट देकर सफल उद्यमी बनाना है।

प्रोफेसर मुखर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि वैश्विक महामारी और बढ़ती महंगाई के इस दौर में स्वरोजगार लोगों की आर्थिक निर्भरता कम करने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। उन्होंने युवाओं से आत्मनिर्भर बनने और रोजगार सृजन की दिशा में आगे आने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *