टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद के कोहिनूर मैदान स्थित वेयरहाउस तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक नई एप्रोच रोड का निर्माण किया जा रहा है। प्रस्तावित सड़क को कोर्ट रोड से जोड़ा जाएगा, जिससे वेयरहाउस तक आने-जाने वाले ट्रकों के परिचालन में किसी प्रकार की बाधा न हो।

हालांकि सड़क निर्माण की प्रक्रिया के दौरान कई अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई। इसी मुद्दे को लेकर धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम से मिलने पहुंचा और समस्या के समाधान पर चर्चा की।

बैठक के बाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी ने बताया कि प्रारंभिक योजना के अनुसार सड़क की चौड़ाई 35 फीट प्रस्तावित थी। अधिवक्ताओं की आपत्तियों और जिला प्रशासन के साथ हुई वार्ता के बाद सड़क की चौड़ाई 25 फीट रखने पर सहमति बनी है। उन्होंने बताया कि बची हुई जगह से कचरा हटाकर वहां अधिवक्ताओं के बैठने की समुचित व्यवस्था की जाएगी। इस समाधान पर सभी पक्षों ने सहमति जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *