टीम अनंत सोच 

धनबाद: जिले में बंद पड़े पुराने रोप-वे एवं परित्यक्त लोहे के ढांचों को हटाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र स्थित जामाडोबा डुमरी नंबर-2 में बड़ी कार्रवाई की गई। यहां वर्षों से अनुपयोगी पड़े रोप-वे के लोहे के ढांचे को काटकर हटाया गया।

यह कार्रवाई उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर की गई। जिला प्रशासन के निर्देश के बाद बीसीसीएल प्रबंधन ने विभिन्न क्षेत्रों में बंद पड़े रोप-वे और जर्जर संरचनाओं को हटाने का अभियान तेज कर दिया है।

कार्रवाई के दौरान बीसीसीएल अधिकारियों के साथ सीआईएसएफ और जोड़ापोखर थाना पुलिस की टीम मौजूद रही। मशीनों और गैस कटर की सहायता से लोहे के ढांचे को सुरक्षित तरीके से हटाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई थी तथा पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा।

प्रशासन का मानना है कि लंबे समय से बंद पड़े ऐसे ढांचे सुरक्षा के लिए खतरा बनने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों को भी बढ़ावा देते हैं। इनके हटने से दुर्घटनाओं और चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

स्थानीय लोगों ने भी जिला प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया। उनका कहना है कि जर्जर लोहे के ढांचे हटने से क्षेत्र अधिक सुरक्षित होगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहूलियत मिलेगी।

उपायुक्त ने बताया कि जिले के अन्य हिस्सों में मौजूद ऐसे परित्यक्त और अनुपयोगी ढांचों को भी चरणबद्ध तरीके से हटाने की कार्रवाई आगे जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *